वो कहते हैं न कि इंसान को नमक की तरह होना चाहिए। मौजूदगी से भले ही उसकी अहमियत पता न चले लेकिन गैरमौजूदगी का एहसास जरूर होना चाहिए। बात तो बिल्कुल सही है। लेकिन वो क्या है न कि हम नमक के सिर्फ इसी गुण पर ध्यान देते हैं। असल में एक चुटकी नमक खाने का स्वाद बढ़ाने के अलावा और भी कई काम आता है।
Salt Institute के मुताबिक तो नमक लगभग 14,000 तरह के काम करता है। आप जानकर चौंक गए ना? लेकिन यह बिल्कुल सही बात है। आपको शायद यकीन न हो पर नमक के इस्तेमाल से चौंकाने वाले परिणाम देखने को मिलते हैं।
आमतौर पर नमक को सफाई आदि के लिए भी इस्तेमाल कर लिया जाता है। स्वाद बढ़ाने और साफ-सफाई के अलावा नमक और भी बहुत कुछ कर सकता है। आइए आज नामक के ऐसे ही कुछ फायदों पर बात करते हैं।
सांसों की बदबू
नमक आपके दांतों को चमकदार बनाते हैं। 2 हिस्सा बेकिंग सोडा और 1 हिस्सा नमक का मिलाकर इस्तेमाल करने से फायदा होता है। साथ ही सांसों की बदबू को दूर करने के लिए एक गिलास गर्म पानी में एक चम्मच नमक डालकर कुल्ला करने से भी फायदा मिलता है।
जूतों की गंध
जूतों या स्नीकर्स में से बदबू आने की समस्या से तो सभी को दो-चार होना पड़ता है। वहीं इन्हें बिना मौजे के पहन लिया जाए तो मामला और भी बिगड़ जाता है। इसके उपाय के तौर पर कुछ दिनों के अंतराल में अपने जूतों में थोड़ा नमक छिड़क दीजिए। यह नमी को सोख लेगा और आपके जूते आपको शर्मिंदा नहीं करेंगे।
कपड़ों के दाग
नमक जिद्दी दागों को मिटाने का काम भी बहुत अच्छे से करता है। अपने दाग लगे कपड़ों को 1 घंटे तक नमक मिले पानी में भिगोकर रखें। ऐसा करने से दाग गायब हो जाएंगे। साथ ही यह धुंधले कपड़ों की चमक भी लौटा देता है।
मधुमक्खी का डंक
मधुमक्खी का डंक कितना खतरनाक होता है आप में से कई लोग जानते होंगे। नमक की मदद से मधुमक्खी के काटने पर आसानी से इलाज किया जा सकता है। जहां पर भी डंक लगा हो वहां पहले पानी लगाएं और इसे नमक से ढंक लें।
हाथ की बदबू
अक्सर ही खाने के बाद हाथों में प्याज या मसालों की गंध रह जाती है। इससे निजात पाने के लिए थोड़े से विनेगर में नमक मिलाकर रगड़ें और हाथ धो लें। इस गंध से छुटकारा मिल जाएगा।
सब्जी और फल
फलों और आलू आदि को काटकर रख दिया जाए तो वो बहुत जल्दी रंग बदलने लगते हैं। उनका रंग बरकरार रखने के लिए उन्हें नमक मिले ठंडे पानी में रखें।
सिंक की सफाई
सिंक में गंदे बर्तन होने की वजह से बचा हुआ खाना और ग्रीस आदि रह जाता है। सिंक की यह चिकनाहट आसानी से हटती नहीं है। ऐसे में नमक मिले गर्म पानी को सिंक में डालें। यह सारी चिकनाहट को खत्म कर देगा और सिंक को चमका देगा।
इस्त्री की सफाई
कपड़ों में प्रेस करते-करते अक्सर ही आयरन में धब्बे पड़ जाते हैं। इसके लिए एक वैक्स पेपर पर नमक डालकर आयरन को इस पर रगड़ें। ऐसा करने से वो साफ हो जाएगी। बता दें कि यह तरीका नॉन स्टिक आयरन पर ही काम आएगा।
खिल उठेंगे फूल
कई लोगों के घरों में नकली फूलों को सजावट के लिए इस्तेमाल किया जाता है। कुछ समय बाद इन फूलों पर गंदगी जम जाती है। इसे साफ करने के लिए फूलों को नमक से भरे बैग में डालें और अच्छी तरह हिलाएं। आपको फर्क नजर आ जाएगा।
चीटियों से छुटकारा
यदि आपके घर में चीटियों ने आतंक मचा रखा है तो हमारे पास आपके लिए एक कारगर उपाय है। चीटियों से बचने का साधारण उपाय यह है कि आप उनके रास्ते में या दरवाजे के किनारों पर नमक छिड़क दें। कुछ देर बाद वो गायब हो जाएंगी।











No comments:
Post a Comment